सावधान! जहरीला हो गया है आपका पसंदीदा 'भुना चना'
Truth India Times Digital Desk
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने सहजनवा क्षेत्र के गीडा (GIDA) इलाके में छापेमारी कर करीब 30 टन (750 बोरी) मिलावटी भुना चना बरामद किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चने को पीला और आकर्षक दिखाने के लिए उसमें बेहद जहरीले और प्रतिबंधित ‘औरामाइन’ (Auramine) केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो आमतौर पर चमड़ा और कागज रंगने के काम आता है।
मां तारा ट्रेडर्स की खतरनाक साजिश
यह पूरी कार्रवाई गीडा स्थित ‘मां तारा ट्रेडर्स’ के गोदाम पर हुई। जांच में सामने आया कि यह फर्म घटिया और मटमैले चने को चमकाने के लिए इस जानलेवा केमिकल का लेप लगा रही थी। ‘औरामाइन’ एक ऐसा केमिकल है जिसे खाद्य पदार्थों में मिलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है क्योंकि यह कैंसर जैसी घातक बीमारियां पैदा कर सकता है।
375 बोरियां बाजार में खपाई गईं
छापेमारी के दौरान खुलासा हुआ कि फर्म का मालिक अनुपम गुप्ता पहले ही इस जहरीले चने की 375 बोरियां बाजार में बेच चुका है। विभाग अब उन व्यापारियों की पहचान करने में जुटा है जिन्हें यह माल सप्लाई किया गया था, ताकि इसे दुकानों से वापस मंगाया जा सके। मौके पर मौजूद टीम ने चने के 4 नमूने लेकर लैब भेजे हैं और गोदाम को सील कर दिया है।
सेहत के लिए बड़ा खतरा
डॉक्टरों के मुताबिक, औरामाइन केमिकल लीवर और किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। यदि आप बाजार से बहुत ज्यादा पीला और चमकदार भुना चना खरीद रहे हैं, तो वह आपकी जान के लिए खतरा हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत विभाग को दें।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.