बांदा | Truth India Times|
भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेन ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी कामयाबी मिली है। बांदा आरपीएफ ने वंदे भारत पर पथराव करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, रेलवे ट्रैक पर जान जोखिम में डालकर रील बनाने वाले शौकीनों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है।
नशे की हालत में की थी पत्थरबाजी
मिली जानकारी के अनुसार, बांदा-डिंगवाही रेलवे सेक्शन के बीच गाड़ी संख्या 22447 (वंदे भारत एक्सप्रेस) पर पथराव की घटना हुई थी। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट बांदा में रेलवे एक्ट की धारा 153 और 147 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर किलोमीटर संख्या 1320/5-7 के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय वर्मा (23 वर्ष), निवासी भूरागढ़ के रूप में हुई। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 4-5 दिन पहले उसने नशे की हालत में ट्रेन पर पत्थर फेंका था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
रील बनाने वालों की भी खैर नहीं
रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से वीडियो और रील बनाने वालों के खिलाफ भी आरपीएफ ने अभियान छेड़ दिया है। जाँच के दौरान कई युवक ट्रैक पर रील बनाते पाए गए, जिनके विरुद्ध रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, रील बनाने में मशगूल नाबालिग बच्चों को आरपीएफ ने हिरासत में लेकर उनके अभिभावकों को तलब किया। बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्हें समझाइश दी गई और परिजनों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम
इस सफल उद्भेदन में निम्नलिखित अधिकारियों की मुख्य भूमिका रही
विनय कुमार (सहायक उप निरीक्षक)
सतीश कुमार (प्रधान आरक्षक)
बबलू राम (आरक्षक)
> रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुँचाना और यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालना एक गंभीर अपराध है। ऐसे तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। सुरुचि द्विवेदी, आरपीएफ इंस्पेक्टर बांदा