भाई को पीट-पीटकर मार डाला
प्रलभ शरण चौधरी | ट्रुथ इंडिया टाइम्स
आगरा। ताजनगरी के थाना कोतवाली अंतर्गत टीला माईथान इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक छोटे भाई ने महज़ मोबाइल का पासवर्ड न बताने और संपत्ति के विवाद में अपने सगे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने न सिर्फ अपने भाई को लाठी-डंडों से पीटा, बल्कि उसके सिर पर एलईडी टीवी दे मारी, जिससे उसकी जान चली गई। घटना के समय बीच-बचाव करने आई बेबस मां को भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया।
आधी रात को शुरू हुआ मौत का तांडव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूनम शर्मा अपने दो बेटों गौरव (30) और आकाश (26) के साथ टीला माईथान में रहती हैं। पूनम एक निजी अस्पताल में नर्स हैं और उनके पति की मृत्यु करीब 5 महीने पहले ही हुई थी। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे पूरा परिवार साथ में खाना खाकर सोने चला गया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह घर में मातम पसर जाएगा।
देर रात छोटा बेटा आकाश नीचे आया और उसने गौरव से मोबाइल मांगा कि उसे अपने जीजा को फोन करना है। गौरव ने मोबाइल तो दे दिया, लेकिन जब आकाश ने उसका पासवर्ड पूछा, तो गौरव ने बताने से इनकार कर दिया। बस इसी छोटी सी बात पर आकाश का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया और उसने विवाद शुरू कर दिया।
एलईडी से किया सिर पर प्रहार, 30 साल के गौरव की मौत
विवाद मोबाइल के पासवर्ड से शुरू हुआ, लेकिन जल्द ही यह मकान के बंटवारे तक पहुँच गया। आकाश ने गौरव से संपत्ति के हिस्से की मांग की, जिसका गौरव ने विरोध किया। इसके बाद आकाश हिंसक हो गया। उसने गौरव को जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों व लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हैवानियत की हद तो तब हो गई जब आकाश ने पास रखी एलईडी टीवी उठाकर गौरव के सिर पर दे मारी।
पड़ोस के कमरे से शोर सुनकर जब मां पूनम दौड़कर आईं और अपने बड़े बेटे को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी आकाश ने उन्हें भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। गंभीर चोटों के कारण गौरव लहूलुहान होकर जमीन पर तड़पने लगा और कुछ ही देर में वह अचेत हो गया।
“सांस चल रही है, अस्पताल ले जाओ…”
हैरानी की बात यह है कि गौरव को अधमरा करने के बाद आकाश ने अपनी मां से कहा, “अभी इसकी सांस चल रही है, इसे अस्पताल ले जाओ।” मां के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे आकाश को घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल गौरव को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जुए और नशे की लत ने उजाड़ दिया संसार
रोती-बिलखती मां पूनम ने बताया कि उनका छोटा बेटा आकाश करीब सात महीने पहले मुंबई से काम छोड़कर आगरा आ गया था। वह फोटोग्राफी का काम करता था, लेकिन उसे जुए, सट्टे और नशे की लत लग गई थी। वह अक्सर पैसों के लिए घर में झगड़ा करता था और मकान के बंटवारे का दबाव बनाता था। पूनम ने रुंधे गले से कहा, “आकाश ने मेरा पूरा संसार उजाड़ दिया। मैं बड़े बेटे गौरव की शादी के लिए लड़की देख रही थी, घर में खुशियां आने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही छोटे भाई ने उसे खत्म कर दिया।”
पुलिस की कार्रवाई और फोरेंसिक जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे। टीम ने घटनास्थल से खून से सने साक्ष्य और एलईडी के टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी आकाश को हिरासत में ले लिया है और मृतक गौरव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में हत्या का कारण तात्कालिक गुस्सा और पुराना संपत्ति विवाद सामने आ रहा है।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.