'मुसलमानों को गाली देने से नहीं, अपनी कुरीतियां सुधारने से बनेगा हिंदू राष्ट्र'
प्रलभ शरण चौधरी, (Truth India Times)
बांदा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बेबाक और तीखे बयानों के लिए जाने जाते हैं। शुक्रवार को बांदा दौरे पर पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है जिसने सियासी और सामाजिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। उन्होंने हिंदुओं को नसीहत देते हुए कहा कि केवल दूसरों को बुरा कहने से लक्ष्य हासिल नहीं होगा, बल्कि समाज को भीतर से मजबूत करना होगा। साथ ही, उन्होंने अपनी चिर-परिचित शैली में ‘तलाक’ और अन्य मुद्दों पर कटाक्ष भी किए।
“मुसलमानों को गाली देने से हिंदू राष्ट्र नहीं बनेगा”
बांदा के खुरहंड में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के आवास पर पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने मीडिया और भक्तों से मुखातिब होते हुए कहा, “हिंदू एक बात नोट कर लें। मुसलमानों को गाली देने से भारत हिंदू राष्ट्र नहीं बनेगा। जब तक हिंदू अपनी कुरीतियां नहीं सुधारेंगे, तब तक यह संभव नहीं है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदू समाज को संगठित होने और अपनी बुराइयों को त्यागने की जरूरत है।
तलाक और परंपराओं पर तीखा कटाक्ष
अपने संबोधन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने मुस्लिम समुदाय की वैवाहिक परंपराओं पर तंज कसते हुए कहा, “उनके यहां तो बस तीन बार हु… हु… हु… और तलाक हो जाता है। लेकिन हमारे (हिंदू) यहां जब तक 20 से 25 बार कोर्ट में पेशी न हो जाए, तब तक तलाक नहीं होता।” उन्होंने आगे कहा कि “उनमें कोई बुराई नहीं है, यह उनका अपना-अपना तरीका है, लेकिन कायदे में रहेंगे तो फायदे में रहेंगे।”
शास्त्री ने विवादों की आशंका जताते हुए हल्के अंदाज में यह भी कहा, “हमें ज्यादा कुछ बोलना नहीं है, नहीं तो दंगा हो जाएगा। और अगर हो भी जाए तो ‘ठठरी’ है (उनका प्रसिद्ध मुहावरा)।”
कैलाशेश्वर महादेव के दर पर टेका माथा
पंडित धीरेंद्र शास्त्री सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के विशेष निमंत्रण पर बांदा पहुंचे हैं। विधायक के आवास से उनका काफिला सीधे प्रसिद्ध भगवान शंकर कैलाशेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंदिर में चल रहे सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर भक्तों का उत्साह बढ़ाया। बाबा के आने की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में करीब 8 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
10 दिन में दूसरा दौरा: बांदा बना ‘बागेश्वर मय’
गौरतलब है कि 10 दिनों के भीतर धीरेंद्र शास्त्री का यह बांदा में दूसरा दौरा है। इससे पहले 16 से 20 जनवरी तक उन्होंने यहां भव्य हनुमंत कथा सुनाई थी, जिसमें प्रतिदिन एक लाख से अधिक भक्त शामिल हुए थे। बांदा में उमड़े जनसैलाब को देखकर उन्होंने इसे ‘महाकुंभ’ करार दिया। उन्होंने कहा, “बांदा में जो मेला लगा, वह बुंदेलखंड के इतिहास में दर्ज हो गया है। लोग दर्शन के लिए 5-5 किलोमीटर पैदल चल रहे हैं, यह बजरंगबली की असीम कृपा है।”
भक्तों के लिए गाया गाना: “एक दिन सेठ बन जाओगे”
कथा के दौरान बाबा ने अपने अंदाज़ में एक गाना भी गुनगुनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा, “डाले रहो दरबार में धक्का-मुक्का, अमीरों के खाओ। एक दिन ऐसा आएगा कि तुम ही अमीर बन जाओगे।” उन्होंने भक्तों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि कोई जल्दी अमीर बनेगा तो कोई देर से, लेकिन बालाजी का भक्त एक न एक दिन ‘सेठ’ जरूर बनेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विधायक आवास पर ‘संत दरबार’ के आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। बांदा की सड़कों पर चप्पे-चप्पे पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी यह बताने के लिए काफी है कि बुंदेलखंड में बागेश्वर सरकार की लोकप्रियता किस चरम पर है।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.