बांदा में 'इश्क' का खौफनाक अंजाम
बांदा/चिल्ला | प्रलभ शरण चौधरी Truth India Times
बांदा। बुंदेलखंड के बांदा जनपद अंतर्गत चिल्ला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक प्रेमी युगल की प्रेम कहानी का अंत इतना हृदयविदारक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। प्रेम प्रसंग के चलते पहले प्रेमी ने अपने खेत के कुएं में कूदकर जान दे दी और जैसे ही यह खबर प्रेमिका तक पहुँची, उसने भी दुनिया को अलविदा कहने में देर नहीं की। शुक्रवार को एक ही गांव के दो चिरागों के बुझने से पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा पसर गया है।
पिता से विवाद और फिर आत्मघाती कदम
घटना की शुरुआत गुरुवार शाम को हुई। चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 24 वर्षीय युवक का अपने पिता से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। युवक गांव की ही एक 18 वर्षीय युवती से लंबे समय से प्रेम करता था। पिता से अनबन के बाद युवक मानसिक रूप से परेशान होकर घर से निकल गया। वह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अपने खेत पर स्थित ‘रिंग बोर’ कुएं के पास पहुँचा और उसमें छलांग लगा दी।
बहन को दी थी मौत की इत्तला
युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपनी सगी बहन, जो उसी गांव में ब्याही है, उसे फोन पर जानकारी दी थी। परिजनों को जैसे ही इसकी भनक लगी, उनके हाथ-पांव फूल गए। पूरी रात परिजन और ग्रामीण मशालें लेकर उसे ढूंढते रहे, लेकिन युवक का कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे शक के आधार पर जब खेत के कुएं में ‘कांटा’ डाला गया, तो युवक का शव बरामद हुआ। घर में कोहराम मच गया, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि अभी एक और त्रासदी बाकी है।
प्रेमी की मौत सुन बदहवास हुई प्रेमिका, चारा काटने के बहाने निकली
प्रेमी की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, 18 वर्षीय प्रेमिका बदहवास हो गई। वह वियोग बर्दाश्त नहीं कर सकी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उसने अपनी मां से खेत में चारा काटने जाने की बात कही और घर से निकल गई। वह अपने साथ अपनी बहन की मासूम बेटी को भी ले गई थी। घर से करीब 500 मीटर दूर ‘होरिया डाड़’ नामक कुएं के पास पहुँचते ही उसने अपनी चप्पलें उतारीं और गहरे पानी में छलांग लगा दी।
साथ गई छोटी बच्ची यह नजारा देख चीखने-चिल्लाने लगी। बच्ची के शोर को सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन जब तक मदद पहुँचती, ग्रामीणों ने स्वयं कुएं में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद युवती का शव बाहर निकाल लिया।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात, पोस्टमार्टम को भेजे शव
एक ही दिन में दो मौतों से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
12वीं तक पढ़ा था युवक, दो भाइयों में था छोटा
मृतक युवक के बारे में बताया जा रहा है कि वह दो भाइयों में छोटा था और उसने 12वीं कक्षा तक शिक्षा ग्रहण की थी। वह खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था। वहीं युवती भी साधारण परिवार से थी। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग की चर्चा थी, जिसे लेकर परिवार में भी तनाव की स्थिति बनी रहती थी।
प्रलभ शरण चौधरी की विशेष टिप्पणी: “संवाद की कमी और आवेश ले रहा जान”
बांदा की यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सबक और चेतावनी है। प्रेम संबंधों में परिवार के साथ संवाद की कमी और आवेश में आकर उठाए गए कदम हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ रहे हैं। 24 साल का युवक और 18 साल की युवती, जिनके सामने पूरी जिंदगी पड़ी थी, उन्होंने एक क्षण के आवेग में सब कुछ खत्म कर दिया।
निर्भीक पत्रकारिता, सटीक समाचार – ट्रुथ इंडिया टाइम्स
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.