धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे बागेश्वर बाबा: बांदा में आज से गूंजेगी हनुमंत कथा
रिपोर्ट: प्रलभ शरण चौधरी(Truth India Times)
चित्रकूट/बांदा: विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Bageshwar Baba) धर्मनगरी चित्रकूट पहुंच चुके हैं। उनके आगमन से समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का माहौल है। धीरेंद्र शास्त्री बांदा में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय भव्य ‘हनुमंत कथा’ में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे हैं। शुक्रवार (16 जनवरी) से शुरू होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर बांदा में श्रद्धालुओं के साथ विशाल कलश यात्रा भी निकाली गई।
चित्रकूट में रात्रि विश्राम, संतों का लिया आशीर्वाद
बांदा जाने से पूर्व धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चित्रकूट पहुंचे, जहां उन्होंने दीनदयाल शोध संस्थान के आरोग्यधाम में रात्रि विश्राम किया। चित्रकूट आगमन पर उन्होंने भगवान कामतानाथ के चरणों में मत्था टेका और क्षेत्र के प्रमुख संतों से मुलाकात की। इससे पहले वे जयपुर में पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज के जन्मोत्सव कार्यक्रम ‘अमृत महोत्सव’ में शामिल हुए थे। गुरु के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट करने के बाद वे सीधे बुंदेलखंड की धरती पर पधारे हैं।
बांदा में 16 जनवरी से हनुमंत कथा का शंखनाद
बांदा में आज से पांच दिवसीय हनुमंत कथा का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। कथा के पहले दिन हजारों की संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने पीले वस्त्र धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘जय श्रीराम’ और ‘बागेश्वर धाम की जय’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। आयोजकों के अनुसार, पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपनी चिरपरिचित शैली में हनुमान जी की महिमा का बखान करेंगे। साथ ही, संभावना जताई जा रही है कि कथा के बीच ‘दिव्य दरबार’ का भी आयोजन हो सकता है, जिसको लेकर भक्तों में भारी उत्साह है।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की लोकप्रियता और उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बांदा और चित्रकूट प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कथा स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। आरोग्यधाम और बांदा के कथा पंडाल के आसपास यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
अगले पांच दिनों तक बांदा में आस्था का कुंभ लगेगा, जहां लाखों भक्त धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन और कथा श्रवण के लिए जुटेंगे।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.