डंपर ने ट्रक क्लीनर को कुचला
प्रलभ शरण चौधरी (Truth India Times)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र से रूह कपा देने वाली ‘रोड रेज’ की घटना सामने आई है। शनिवार सुबह किसान पथ पर मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। एक बेखौफ डंपर चालक ने महज ट्रक का शीशा टूटने के विरोध पर ट्रक क्लीनर के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डंपर नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
झांसी से गोरखपुर जा रहा था ट्रक
मृतक की पहचान 35 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है, जो उन्नाव जनपद के हसनगंज थाना अंतर्गत सेमरा गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, संदीप ट्रक चालक फुरकान के साथ झांसी से कॉपियां लादकर गोरखपुर की ओर जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे उनका ट्रक कानपुर रोड से होते हुए किसान पथ पर चढ़ा ही था कि नटकुर अंडरपास के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर (RJ 11 GC 7531) ने उनके ट्रक में साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
इस टक्कर के कारण ट्रक का साइड मिरर (शीशा) टूट गया। ट्रक चालक फुरकान ने गाड़ी रोकी और क्लीनर संदीप नुकसान का विरोध करने के लिए नीचे उतरा।
विवाद, थप्पड़ और फिर बेरहमी से कत्ल
प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रक ड्राइवर फुरकान के मुताबिक, डंपर रुकवाने के बाद संदीप ने चालक से टक्कर मारने का कारण पूछा। इस पर डंपर चालक आगबबूला हो गया। आरोप है कि डंपर से उतरते ही चालक ने संदीप के साथ अभद्रता की और उसे दो-तीन थप्पड़ जड़ दिए। विवाद बढ़ता देख जब फुरकान वहां पहुंचने लगा, तब तक डंपर चालक तेजी से अपने वाहन पर सवार हुआ।
संदीप डंपर के सामने खड़ा होकर उसे रोकने का प्रयास कर रहा था, लेकिन चालक ने दया दिखाने के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया और संदीप को बेरहमी से कुचलते हुए डंपर लेकर किसान पथ से नीचे कानपुर रोड की ओर भाग निकला।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। फुरकान ने तत्काल डायल 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिजनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में संदीप को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और फरार ड्राइवर
ट्रक ड्राइवर फुरकान ने बताया, “संदीप केवल समझाने गया था कि आखिर टक्कर क्यों मारी, लेकिन डंपर वाले के सिर पर खून सवार था। उसने पहले हाथ उठाया और फिर जानबूझकर गाड़ी चढ़ा दी।”
बिजनौर पुलिस ने बताया कि डंपर के नंबर के आधार पर मालिक और चालक की शिनाख्त की जा रही है। राजस्थान नंबर के इस डंपर की तलाश के लिए आसपास के टोल प्लाजा और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के गांव सेमरा में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.