सोता रहा परिवहन विभाग
प्रलभ शरण चौधरी (Truth India Times)
उन्नाव | उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाला एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के नवीन गंगा पुल पर एक ई-रिक्शा चालक न केवल क्षमता से अधिक सवारियां लेकर जा रहा था, बल्कि यात्रियों की जान को जोखिम में डालकर खुलेआम स्टंट भी कर रहा था। यह वीडियो प्रशासन के दावों और सड़क सुरक्षा अभियान की पोल खोल रहा है।
ई-रिक्शा की छत और पायदान पर लटके यात्री
वायरल हुए लगभग 8 सेकंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ई-रिक्शा के अंदर तिल रखने की जगह नहीं है, फिर भी चालक ने नियमों को ताक पर रखकर दर्जनों यात्रियों को बैठा रखा है। हद तो तब हो गई जब 4 से 5 युवक ई-रिक्शा की छत पर बैठे नजर आए और कुछ यात्री बाहर पायदान पर लटके हुए थे। गंगा नदी पर बने ऊंचे पुल पर जरा सा संतुलन बिगड़ने का मतलब सीधा मौत को दावत देना था।
कहाँ है पुलिस और परिवहन विभाग?
यह घटना सीधे तौर पर परिवहन विभाग (RTO) और यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गंगाघाट क्षेत्र में ओवरलोडिंग एक सामान्य बात हो गई है, लेकिन विभाग की चुप्पी समझ से परे है। पुल जैसे संवेदनशील स्थान पर, जहाँ हर वक्त पुलिस की तैनाती और गश्त के दावे किए जाते हैं, वहां एक ई-रिक्शा चालक का बेखौफ होकर नियमों को कुचलना प्रशासन को सीधी चुनौती है।
बड़े हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चालक बिना किसी डर के वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जब वीडियो वायरल होता है, तभी प्रशासन की नींद क्यों टूटती है? क्या पुलिस और विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? गंगा पुल पर इस तरह का जानलेवा सफर न केवल चालक की लापरवाही है, बल्कि यह उन अधिकारियों की भी विफलता है जिन्हें यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्रवाई की दरकार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब गेंद प्रशासन के पाले में है। लोगों ने मांग की है कि केवल ई-रिक्शा चालक पर जुर्माना लगाकर खानापूर्ति न की जाए, बल्कि उन क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाई जाए जहाँ सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अब देखना यह है कि उन्नाव यातायात पुलिस इस मामले में क्या कड़ा कदम उठाती है।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.