खनन माफियाओं पर प्रशासन का हंटर
प्रलभ शरण चौधरी (Truth India Times)
उन्नाव | उन्नाव जिले में अवैध खनन के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शासन के कड़े निर्देशों के बाद, गंगाघाट क्षेत्र के देवारा खुर्द में अवैध रूप से चल रहे खनन स्थल पर छापेमारी कर भारी मशीनरी को सीज किया गया है। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सुशील कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रात के अंधेरे में छापेमारी, मशीनें सीज
शिकायत मिलने पर खनन विभाग की टीम ने गंगाघाट के देवारा क्षेत्र में दबिश दी। जाँच में पाया गया कि यहाँ केवल निर्धारित कार्य (डेंजरूप) की अनुमति थी, लेकिन रॉयल्टी न होने के बावजूद मिट्टी को बाहर बेचा जा रहा था। मौके पर मौजूद एक पोकलैंड और एक जेसीबी मशीन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
विशेष टास्क फोर्स रखेगी पैनी नजर
एडीएम सुशील कुमार ने बताया कि अवैध खनन रोकने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इस टीम में:
- जिले के सभी एसडीएम (SDM)
- संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO)
- थाना प्रभारी और खनन विभाग की टीमें शामिल हैं। अधिकारियों के बीच त्वरित सूचना साझा करने के लिए एक विशेष ग्रुप भी बनाया गया है, जिससे अवैध गतिविधियों पर रियल-टाइम एक्शन लिया जा सके।
ब्लैकलिस्टेड माफियाओं पर होगी कठोर कार्रवाई
जब प्रशासन से सवाल किया गया कि क्या पूर्व में जुर्माना झेल चुके और ब्लैकलिस्टेड व्यक्ति ही दोबारा खनन करा रहे हैं, तो एडीएम ने सख्त लहजे में कहा कि यदि ब्लैकलिस्ट होने के बाद भी किसी ने कानून हाथ में लिया है, तो उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनता से सहयोग की अपील
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि दैनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। एडीएम ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं भी अवैध खनन की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.