उन्नाव में खौफनाक वारदात
प्रलभ शरण चौधरी | ट्रुथ इंडिया टाइम्स
उन्नाव (बांगरमऊ)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मामूली घरेलू विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के नौनिहाल गंज मोहल्ले में एक पति ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे कांड के बाद इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
सुबह के सन्नाटे में चीख-पुकार और फिर खामोशी
घटना बुधवार सुबह की है। नौनिहाल गंज निवासी संजय गुप्ता (42), जो पेशे से ई-रिक्शा चालक था, का अपनी पत्नी वंदना (38) से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। मोहल्ले वालों के अनुसार, संजय और वंदना के बीच सुबह से ही काफी तेज बहस हो रही थी। एक पड़ोसी ने बताया कि दोनों के बीच बढ़ते झगड़े को देखकर वह बीच-बचाव करने भी गया था। समझाने-बुझाने के बाद वह वापस लौट आया, लेकिन उसे यह अंदाजा नहीं था कि एक घंटे बाद यहाँ मौत का सन्नाटा पसर जाएगा।
शराब और गृहक्लेश बनी काल
संजय की मां सियादुलारी (65) ने रोते हुए बताया कि मंगलवार की शाम को संजय शराब पीकर घर आया था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच काफी कहासुनी हुई थी। उस वक्त तो मामला शांत हो गया और सबने खाना खाकर सोने चले गए। बुधवार सुबह जब बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और मां मोहल्ले में किसी काम से गई थी, तभी दोबारा झगड़ा भड़क गया।
आक्रोश में आकर संजय ने वंदना को पकड़ लिया और दुपट्टे से उसका गला तब तक घोंटा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। पत्नी की हत्या करने के बाद संजय घबरा गया या ग्लानि में भर गया, उसने सीधे घर की दूसरी मंजिल की छत का रुख किया। वहां रखी एक रस्सी का फंदा बनाया, उसे अपनी गर्दन में डाला और छत की बाहरी दीवार से नीचे कूद गया।
पड़ोसी ने देखा तो उड़ गए होश
करीब एक घंटे तक जब घर से कोई हलचल सुनाई नहीं दी, तो पड़ोसियों को शक हुआ। एक पड़ोसी ने जब खिड़की से झांककर देखा तो वंदना बेसुध जमीन पर पड़ी थी। शोर मचाने पर संजय की मां और अन्य लोग इकट्ठा हुए। घर के अंदर जाने पर वंदना का शव मिला, लेकिन संजय गायब था। जब लोगों की नजर छत की ओर गई, तो देखा कि संजय का शव बाहर की दीवार पर रस्सी के सहारे लटका हुआ था।
अनाथ हुए दो मासूम बच्चे
इस घटना ने दो मासूमों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है। संजय के परिवार में 6 साल का बेटा हर्ष और 4 साल की बेटी खुशी है। जिस वक्त माता-पिता के बीच यह खूनी खेल चल रहा था, बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। अब इन मासूमों की परवरिश की जिम्मेदारी बुजुर्ग दादी के कंधों पर आ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही बांगरमऊ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे और जमीन से उठाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडे ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या का लग रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों और समय का पता चल सकेगा। परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, मामले की गहनता से जांच जारी है।”
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.