विवाद के बाद दोस्त ने मारी गोली
प्रलभ शरण चौधरी | ट्रुथ इंडिया टाइम्स
अचलगंज (उन्नाव): जनपद के थाना अचलगंज क्षेत्र के ग्राम घर्षिल पुरवा में बीते बुधवार को हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आए इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी चंदन निषाद सहित उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध असलहा भी बरामद हुआ है।
रील बनाने की दोस्ती, दुश्मनी में बदली
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। घायल युवक लवकुश यादव और मुख्य आरोपी चंदन निषाद कभी गहरे दोस्त हुआ करते थे। दोनों साथ में मुंबई में रहते थे और वहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए अक्सर एक साथ ‘रील्स’ बनाया करते थे। साथ काम करने और रहने के दौरान ही उनके बीच किसी व्यक्तिगत बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। मुंबई की यह अनबन उन्नाव पहुंचते-पहुंचते जानलेवा हमले में तब्दील हो गई।
क्या थी पूरी घटना?
बीते बुधवार को डायल 112 पर सूचना मिली कि घर्षिल पुरवा गांव में 19 वर्षीय लवकुश यादव को गोली मार दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि लवकुश खून से लथपथ पड़ा था। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के पिता रामकेश की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चंदन निषाद, फूलचंद निषाद और दो अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसने इलाके में दहशत फैला दी थी।
पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
एसएसपी उन्नाव के सख्त निर्देश पर अचलगंज थाना पुलिस की टीमें गठित की गईं। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बलाई घाट मोड़ के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी चंदन निषाद (22) को दबोच लिया। इसके साथ ही उसके साथी फूलचंद्र (21), संजीत (19) और गोविंद (25) को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी चंदन की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद कर लिया है।
अपराधी है मुख्य आरोपी
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी चंदन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी मारपीट और धमकी देने जैसे मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में ‘आर्म्स एक्ट’ की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने संदेश दिया है कि अपराध और अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.