'दोस्त' ही निकला कातिल; जयपुर भागने की फिराक में था आरोपी
Unnao/Truth India Times Digital Desk
उन्नाव: उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में ट्रक चालक सुधीर पाल की संदिग्ध हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि यह जघन्य वारदात लूट या किसी पुरानी दुश्मनी का नहीं, बल्कि एक ‘प्रेम त्रिकोण’ की खौफनाक परिणति थी। मृतक सुधीर का जिगरी दोस्त संदीप निषाद ही उसका हत्यारा निकला, जिसने अपने साथी रंजीत की मदद से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें आज न्यायालय में पेश करने की तैयारी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक सुधीर और मुख्य आरोपी संदीप एक ही युवती से प्रेम संबंध रखते थे। छह महीने पहले इस बात पर हुई हाथापाई की रंजिश आखिरकार हत्या में बदल गई।
खेत के किनारे अर्द्धनग्न मिला था ट्रक चालक का शव
रविवार सुबह करीब 9:10 बजे अचलगंज पुलिस को बदरका बाजार के पास खेत के किनारे 24 वर्षीय युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि शव अर्द्ध-नग्न अवस्था में था और गले में रस्सी या साड़ी के टुकड़े का फंदा लगा हुआ था।
शव की पहचान बलियारखेड़ा निवासी सुधीर पाल पुत्र राम सजीवन के रूप में हुई, जो पेशे से ट्रक चालक था। प्रारंभिक जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि सुधीर की गला घोंटकर हत्या की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार दोपहर में फॉरेंसिक टीम और सीओ बीघापुर मौके पर पहुंचे और गहन साक्ष्य जुटाए। उसी दिन अचलगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।
शक की सुई दोस्त पर, ऐसे खुली साजिश की परतें
पुलिस ने जांच की शुरुआत मृतक सुधीर के करीबी लोगों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से की। इसमें मृतक का दोस्त रंजीत संदिग्ध पाया गया। पुलिस ने रंजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में सामने आया कि हत्या वाली रात यानी शनिवार शाम करीब 6 बजे सुधीर, संदीप और रंजीत तीनों अचलगंज की ओर शराब पीने निकले थे। शराब पीने के बाद वापसी के दौरान रंजीत बाइक से उतर गया था। इसके कुछ देर बाद तीनों फिर से संपर्क में आए। पुलिस के रिकॉर्ड से पता चला कि सुधीर ने संदीप को कॉल किया था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। फिर रंजीत के मोबाइल से संदीप को फोन किया गया, जिसके बाद हत्या की साजिश को अंतिम रूप दिया गया।
जयपुर भागने की फिराक में था मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस की सख्ती के आगे रंजीत टूट गया और उसने सारा राज खोल दिया। उसने बताया कि शनिवार देर रात संदीप और उसने मिलकर सुधीर को सुनसान बदरका बाजार के पास बुलाया। यहाँ साड़ी के टुकड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को खेत किनारे फेंक दिया गया ताकि यह मामला हादसा या संदिग्ध मौत लगे।
खुलासे के बाद पुलिस ने रंजीत की निशानदेही पर मुख्य आरोपी संदीप निषाद को छेरिहा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद रंजीत घबरा गया था और शनिवार देर रात/रविवार तड़के कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक पहुंच गया था और जयपुर भागने की तैयारी कर रहा था। लेकिन जब उसे पता चला कि सुधीर की बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है, तो वह घबराकर वापस गांव लौट आया और मृतक को ढूंढने का ढोंग करने लगा।
प्रेम प्रसंग बना जान का दुश्मन
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग थी। सुधीर का गांव की ही एक युवती से संबंध था, जिससे बाद में उसके दोस्त संदीप ने भी संपर्क साधना शुरू कर दिया। करीब छह महीने पहले इस बात को लेकर सुधीर और संदीप में हाथापाई और भयंकर विवाद हुआ था। तभी से संदीप के मन में सुधीर के प्रति गहरी रंजिश पनप रही थी, जिसे उसने अपने साथी के साथ मिलकर खत्म कर दिया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या में प्रयुक्त सामग्री की बरामदगी की जा रही है।
अचलगंज में 39 दिनों में 6 हत्याएं, दहशत का माहौल
इस हत्याकांड के खुलासे के साथ ही अचलगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले 39 दिनों के भीतर इस थाना क्षेत्र में यह छठी हत्या है। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में भारी दहशत है। लोग पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर नकेल कसने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा और जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.