अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बांदा रोड पर हरदौली स्टाफ के पास सोमवार देर शाम एक दुखद सड़क हादसे में 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
निमंत्रण से लौटते समय हुआ हादसा
यह दुर्घटना सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुई। मृतक की पहचान शिवलाल उर्फ चुन्नू प्रजापति (25 वर्ष) पुत्र रामचंद्र, निवासी लोहारा, थाना कमासिन के रूप में हुई है।
मृतक के भाई जगरूप प्रजापति ने पुलिस को बताया कि शिवलाल अपने पिता के साथ तिंदवारी में एक निमंत्रण में गया था। लौटते समय वह अपने पिता को अनौसा गांव छोड़कर अपने गांव लोहारा जा रहा था। हरदौली स्टाफ के पास जैसे ही वह पहुँचा, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही मौत
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची बबेरू पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बबेरू पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद शिवलाल उर्फ चुन्नू को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। शिवलाल उर्फ चुन्नू अपने पाँच भाइयों और तीन बहनों में छठवें नंबर पर थे।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.