रेलखंड का निरीक्षण पूरा, 120 किमी/घं. स्पीड ट्रायल सफल
Banda/Truth India Times Digital Desk
उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल में अवसंरचना विस्तार के तहत नव-दोहरीकृत बांदा–डिंगवाही–खुरहण्ड रेलखंड का दो दिवसीय निरीक्षण आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिक्षेत्र) प्रणजीव सक्सेना ने दूसरे दिन के कार्यक्रम में इस महत्वपूर्ण परियोजना का विस्तृत मूल्यांकन किया। उनके साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) हिमांशु गोस्वामी और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने बांदा स्टेशन पर संरक्षा मानकों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की जाँच की। उन्होंने पैनल, बैटरी कक्ष, ओ.एफ.सी रूम, रिले रूम तथा दूसरी लाइन से जुड़े नव-स्थापित तकनीकी उपकरणों का गहन परीक्षण किया। इस दौरान ऑन-ड्यूटी स्टाफ से बातचीत कर उनके तकनीकी ज्ञान, सतर्कता और सुरक्षा मानकों की समझ को भी परखा गया।
इसके बाद श्री सक्सेना ने डिंगवाही से बांदा तक नव-निर्मित डाउन लाइन का मोटर ट्रॉली से सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैक, सिग्नल सिस्टम, गेट, ब्रिज, ट्रैक-पॉइंट्स, कर्व तथा सभी तकनीकी संस्थापनों की कार्य क्षमता और मजबूती का बारीकी से परीक्षण किया गया। खंड में स्थित प्रमुख (मेजर) और लघु (माइनर) पुलों की भी विस्तृत संरक्षा जाँच की गई।
सघन निरीक्षण के बाद इस नव-दोहरीकृत ट्रैक पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक किया गया। स्पीड ट्रायल की सफलता इस रेलखंड की तकनीकी मजबूती और भविष्य में सुरक्षित परिचालन की क्षमता को दर्शाती है। इसके बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने डिंगवाही और खुरहण्ड स्टेशन का भी गहन निरीक्षण किया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट में संतुष्टि मिलने के बाद रेल संरक्षा आयुक्त की अनुमति पर इस खंड पर नियमित रेल संचालन शुरू किया जाएगा। यह दोहरी लाइन झाँसी मंडल की परिचालन दक्षता को नई गति देगी और व्यस्त खंडों पर ट्रेनों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाएगी।
नव-दोहरीकृत लाइन के चालू होने से यात्रियों को समय की बचत होगी, मालगाड़ियों की आवाजाही तेज और समयबद्ध होगी तथा क्षेत्रीय उद्योगों को अधिक विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही रेल परिचालन में सुरक्षा, स्थिरता और क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन और समय-सारिणी में सुधार की संभावनाएँ मजबूत होंगी।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर नरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे. संजय कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/ईस्ट आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन सहित निर्माण विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.