बबेरू में तौल माफियाओं का भंडाफोड़
Banda/Truth India Times Digital Desk
जनपद के बबेरू तहसील स्थित आहार गांव में अन्नदाताओं की मेहनत पर डाका डालने वाले व्यापारियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। धान खरीद में हेराफेरी और बिना लाइसेंस के व्यापार करने के आरोप में नायब तहसीलदार ने व्यापारियों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका है। साथ ही, मौके पर धान जब्त कर किसानों का बकाया भुगतान सुनिश्चित कराया गया।
प्रति बोरी 10 किलो की ‘चोरी’
धोखाधड़ी का यह सनसनीखेज मामला तब सामने आया जब जागरूक किसानों ने मंडी ले जाने से पहले अपने घर पर धान का वजन किया। मंडी पहुंचने पर पता चला कि दुकानदार प्रति बोरी 8 से 10 किलोग्राम धान कम तौल रहे थे। किसानों का आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक तराजू में गड़बड़ी कर अब तक दर्जनों किसानों को लाखों रुपये का चूना लगाया जा चुका है।
प्रशासनिक छापेमारी में खुला राज
किसानों के भारी विरोध और हंगामे की सूचना पर नायब तहसीलदार मनोहर सिंह और मंडी सचिव अखंड प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जब व्यापारियों की दुकानों में रखे धान को अपनी मौजूदगी में दोबारा तुलवाया, तो तौल में भारी अंतर मिला और किसानों के आरोप शत-प्रतिशत सही साबित हुए।
बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित व्यापारी बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से धान की खरीद कर रहे थे। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंडी नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया और चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसी अनियमितता पाई गई तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.