नसरापुर मोहल्ला में नालियां टूटी होने से सड़कों पर बहता घरों का गंदा पानी
-25 वार्डों में स्थित 17 हजार 206 घरों से नपा के कर्मचारी गृहकर वसूलते हैं
-अन्ना गौवंश, उखड़ी सड़कें, खुली नालियां, न सड़कों पर रहती साफ-सफाई
संवाददाता। कन्नौज:
नगर पालिका परिषद द्वारा राजस्व वसूली को लेकर तो तत्परता दिखाई जाती है, लेकिन जन सुविधाओं के मामले में स्थिति बिलकुल उलट है। नपा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गत वर्ष में शहर के कुल 25 वार्डों से कुल 3.29 लाख का गृहकर वसूला गया, लेकिन शहर की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे शहरवासियों को आए दिन काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाते हुए बताया कि शहर के रंगीनपुरा, कृष्ण नगर, नसरापुर मोहल्ला सहित ज्यादातर इलाकों में सड़कें उखड़ी हुई हैं। हल्की बारिश होते ही गलियां कीचड़ से भर जाती हैं। वहीं सड़कों के किनारे खुली नालियां न केवल बीमारियों को दावत दे रही हैं, बल्कि आए दिन हादसों का भय भी बन रही हैं।स्थिति यह है कि कई इलाकों में अभी तक नालियां भी नहीं बनी है।
इससे घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता है। इस वजह से लोगों का सड़कों पर पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। सफाई व्यवस्था का आलम यह है कि कई-कई दिनों तक मोहल्लों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नहीं पहुंचतीं, जिससे चारों ओर गंदगी का अंबार लगा रहता है। मोहल्लों में अन्ना गौवंश की भी काफी समस्या है। मोहल्लों में सड़कों पर यहां-वहां घूमते अन्ना गौवंश आए दिन आपस में लड़ते-झगड़ते राह चलते लोगों को टक्कर मारकर घायल कर देते हैं।
मोहल्लों में इन समस्याओं के चलते निवासियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में कई बार नपा अध्यक्ष व ईओ से शिकायत भी की गई है। लेकिन इन समस्याओं का आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि, हम हर साल ईमानदारी से टैक्स भरते हैं, लेकिन बदले में हमें टूटी सड़कें और जलभराव ही मिलता है। नगर पालिका सिर्फ वसूली का केंद्र बनकर रह गई है।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.