खुले में बायोमेडिकल वेस्ट
प्रलभ शरण चौधरी (Truth India Times)
-कर्मचारी इस्तेमाल की गई सिरिंज, दवाओं की खाली शीशियां, संक्रमित सामग्री खुले में फेक रहे थे
-बायोमेडिकल वेस्ट फेंकने के आरोप में पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है
कन्नौज। शहर के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ताक पर रखकर खुले में मेडिकल कचरा फेंकना एक निजी अस्पताल को भारी पड़ गया है। नगर पालिका परिषद कन्नौज ने कड़ा रुख अपनाते हुए ग्वार मैदान स्थित रीजेंसी हॉस्पिटल पर कार्रवाई की है। अस्पताल पर सड़क पर बायोमेडिकल वेस्ट फेंकने के आरोप में पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी गई है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्यमेंद्र मोहन चौधरी ने बताया कि 12 फरवरी को शहर का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रीजेंसी हॉस्पिटल के कर्मचारी अस्पताल का खतरनाक कूड़ा-कचरा जैसे इस्तेमाल की गई सिरिंज, दवाओं की खाली शीशियां और अन्य संक्रमित सामग्री खुलेआम बिल्डिंग के सामने सड़क पर फेंक रहे थे। अस्पताल प्रबंधन न केवल नियमों की अनदेखी कर रहा था, बल्कि मेडिकल कचरे को सामान्य कूड़े के साथ मिलाकर सड़क पर डाल रहा था, जिससे इलाके में संक्रमण और बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
अधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र लिखकर अस्पताल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतियां जिला अधिकारी कन्नौज और नगरीय निकाय निदेशालय, लखनऊ को भी भेजी गई हैं, ताकि उच्च स्तर पर भी इसकी जानकारी रहे।
जुर्माना और सख्त हिदायत
नगर पालिका ने नगर पालिका अधिनियम 1916 और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2018 के तहत अस्पताल पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड आरोपित किया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि अस्पताल अपने कूड़े का निस्तारण मानकों के अनुरूप करे। यदि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही पाई गई, तो अस्पताल के विरुद्ध और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह अस्पताल प्रशासन की होगी।
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.