-अब विदेशों से भी शिकायत लेकर पहुँच रहे पीड़ित, पुलिस को अब तक 400 से भी ज्यादा मेल
-अमेरिका में बैठी एक महिला कर रही उसके खातों और गतिविधियों का संचालन
कानपुर।
दिल्ली के मालवीय नगर, निवासी रवींद्र नाथ सोनी अंतरराष्ट्रीय ठग निकला। रवींद्र को कानपुर में 42.29 लाख की ठगी में देहरादून से गिरफ्तार किया गया था। छानबीन में पता चला कि उसने दुबई समेत पांच देशों में 970 करोड़ रुपये की ठगी की। उसने हवाला और क्रिप्टो के जरिये दूसरे देशों से पैसा भारत में मंगवाया। उसके पैसे खाते और अन्य गतिविधियों का संचालन अमेरिका में बैठकर एक महिला कर रही है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
पुलिस को आशंका है कि ठगी का पैसा हथियारों की तस्करी और ड्रग्स रैकेट से जुड़ा है। पुलिस टीमें इसकी जांच में जुटी हैं। शुक्रवार को दुबई से आए एक कलाकार ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात की और उन्हें रवींद्र नाथ सोनी की कारगुजारियों का काला चिट्ठा भी सौंपा। रवींद्र ने उनसे भी चार करोड़ रुपये ठग लिए थे। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि शुक्रवार को दुबई से एक पीड़ित उनसे मिलने पहुंचा। उसने बताया कि वह फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हैं। रवींद्र ने उनसे प्रतिमाह चार से पांच प्रतिशत ब्याज का वादा कर अपनी कंपनी में चार करोड़ रुपये निवेश कराए थे। करीब एक साल तक ब्याज भी दिया। रुपये निवेश कराने के बाद वह गारंटी के तौर पर चेक देता था। इस दौरान वह दुबई में एक मामले में पकड़ा गया। जिसके बाद उसने पैसा वापस कर दिया तो केस भी खत्म हो गया। जिसके बाद वह भारत भाग आया। इसके बाद दुबई में कई लोगों ने केस दर्ज कराया है। बताया कि दुबई से कई और लोग एक दो दिन में भारत आएंगे और पुलिस आयुक्त को साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। इस मामले में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि जांच में 970 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन मिला है। उसने अपना ठगी का संजाल भारत में ही नहीं बल्कि अमेरिका, जापान, मलेशिया और दुबई तक फैला रखा था। भारत आने के बाद वहां से पूरा पैसा हवाला और क्रिप्टो के जरिए दिल्ली में मंगाया। जांच में यह भी पता चला है कि वह ठगी की रकम अपने खातों में लेता तो था, लेकिन उसे तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर कर देता था। यह पैसा कहां गया, पुलिस टीमें इसका पता लग रही हैं।
अभिनेता सोनू सूद और ग्रेट खली का नहीं दिया पैसा
दुबई से आए पीड़ित और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले अभिनेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रवींद्र नाथ सोनी ने अभिनेता सोनू सूद और द ग्रेट खली को अपनी कंपनी का ब्रांड एंबेसडर बताया। दुबई में कई भव्य कार्यक्रम कराए। इसके बाद उनका भी आधा पैसा हड़प लिया। उसने ब्लू चिप कंपनी की 11 सिस्टर कंपनियां बनाईं। कंपनियों में निवेश पर प्रतिमाह चार से पांच फीसदी ब्याज देने का आश्वासन देकर लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए। पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में न्यूनतम 70 लाख और अधिकतम 12 करोड़ रुपये की ठगी की जानकारी मिली है।
पुलिस को तीन विदेशी खाते मिले
पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच के दौरान तीन विदेशी खाते मिले हैं। रवींद्र और उसकी पत्नी के नाम पर आठ खाते दिल्ली में सामने आए हैं। अब तक इन खातों में जमा 80 लाख रुपया फ्रीज कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जैसे.जैसे जांच बढ़ रही वैसे ही नए-नए खुलासे हो रहे हैं। संभावना है कि 970 करोड़ की ठगी और बढ़ जाए। उसका पैसा हथियार और ड्रग्स तस्करी में लगा होने की आशंका में फॉरेन एक्सचेंजए एकोनॉमिक एनालिटिक्स एक्सपर्ट वित्त विभाग को लिखा जा रहा है। इसके साथ ही मामला ईडी और आयकर विभाग को भी भेजा जाएगा।
अमेरिका में बैठी महिला कर रही खातों का संचालन
बताया कि अमेरिका में बैठकर एक महिला इसके खातों व लेनदेन का संचालन कर रही है। महिला का नाम गुरमीत बताया जा रहा है। यह है पूरा मामला परेड के नवाब इब्राहिम का हाता निवासी अब्दुल करीम ने पांच जनवरी 2025 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने कहा कि उनका बेटा तलहा दुबई में नौकरी करता है। नौकरी के दौरान बेटे की मुलाकात रवींद्रनाथ सोनी से हुई थी। बेटे के कहने पर अब्दुल करीम ने 42.29 लाख रुपये रवींद्र नाथ सोनी की कंपनी में जमा करा दिए। रुपये जमा होने के बाद रवींद्र फरार हो गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। कोतवाली पुलिस ने उसे बीते सोमवार को देहरादून से गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पुलिस को मिली 400 से ज्यादा मेल
पुलिस के मुताबिक दुबई में रह रहे भारतीय मूल के लोग लगातार ईमेल, व्हाट्सएप व अन्य माध्यम से अपने साथ हुई ठगी की सूचनाएं भेज रहे हैं। अब तक 400 से ज्यादा सूचनाएं पुलिस को अलग.अलग माध्यमों से मिल चुकी हैं। सभी को सलाह दी गई है कि भारत के जिस शहर में रहते हैं, वहां एफआईआर दर्ज कराएं। कानपुर में शिकायत देंगे तो उसे भी जीरो क्राइम नंबर पर दर्ज कर उनके निवास वाले क्षेत्रीय थाने में भिजवा दिया जाएगा।
2019 के बाद अब पकड़ा गया
पुलिस आयुक्त ने बताया कि सोनी बेहद चालाक और शातिर अपराधी है। वर्ष 2019 में अलीगढ़ में पकड़ा गया। जमानत लेकर बाहर आ गया। उसके बाद भी लगातार लोगों से ठगी करता रहा। अब फिर पकड़ा गया है। अब तक 970 करोड़ रुपये की ठगी सामने आ चुकी है। जिसके बाद यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा हो गया है। ब्लूचिप कंपनी के निदेशक, कर्मचारी और लेनदेन हम सभी का पता लगा रहे हैं। हवाला, टेररिस्ट फंडिंग, हथियार व ड्रग्स सभी विषय हमारी जांच के केंद्र में हैं।-रघुबीर लालए पुलिस आयुक्त
About The Author
Discover more from Truth India Times
Subscribe to get the latest posts sent to your email.